‘नमामि भारतम्’ अभियान के तहत देशभर में एक करोड़ से अधिक लोगों के गायन का आयोजकों ने किया दावा
चंडीगढ़। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को सेक्टर-40 स्थित शारदा सर्वहितकारी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में राष्ट्रभक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘नमामि भारतम्’ के अंतर्गत आयोजित सामूहिक गायन में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और अतिथियों ने एक साथ राष्ट्रगीत गाकर देशप्रेम का संदेश दिया। सुबह 11 बजे शंखनाद के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में पूरा विद्यालय परिसर ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से गूंज उठा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रेम सिंह खिमटा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में चंडीगढ़ बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष एवं अधिवक्ता शिप्रा बंसल, पंजाब विश्वविद्यालय के गणित विभाग के प्रोफेसर डॉ. सुशील कुमार तोमर और नरेश जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत, तिलक और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद सभी ने एक स्वर में राष्ट्रगीत का गायन किया।
आयोजकों के अनुसार, ‘नमामि भारतम्’ अभियान में देशभर के लगभग 25 हजार विद्यालयों और विभिन्न संस्थानों ने भागीदारी की। अभियान के तहत एक करोड़ से अधिक लोगों के सामूहिक रूप से वंदे मातरम् गाने का दावा किया गया है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज के विभिन्न वर्गों में राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक गौरव तथा मातृभूमि के प्रति सम्मान और समर्पण की भावना को प्रबल करना है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक राष्ट्रगीत नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, एकता और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। ‘नमामि भारतम्’ जैसे अभियान नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास, भारतीय परंपराओं और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आयोजकों ने बताया कि इस सामूहिक गायन को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से रिकॉर्ड प्रमाणीकरण की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। इसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज कराने का प्रयास किया जा रहा है। शारदा स्कूल में आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम और सामूहिकता की भावना को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।