मृतक प्रदीप सिंह होटल के किचन में करता था काम, बेटे का आरोप—हादसे के बाद स्टाफ ने छिपाई घटना, जोर डालने पर बताई सच्चाई

जीरकपुर। जीरकपुर के एक निजी होटल में लिफ्ट की डक्ट में गिरने से 56 वर्षीय कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रदीप सिंह के रूप में हुई है, जो जीरकपुर स्थित Lords Inn होटल के किचन में काम करता था। इस मामले में अब होटल स्टाफ की भूमिका को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मृतक के बेटे राहुल ने होटल कर्मचारियों पर हादसे की जानकारी छिपाने और लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं।

राहुल के मुताबिक, उनके पिता प्रदीप सिंह ने उन्हें फोन पर सैलरी मिलने की बात बताई थी और होटल के बाहर आने के लिए कहा था। बेटे का आरोप है कि जब वह होटल पहुंचने वाले थे, उससे पहले ही उनके पिता के साथ हादसा हो चुका था। लेकिन होटल स्टाफ ने उन्हें घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। राहुल का कहना है कि जब उन्होंने होटल कर्मचारियों पर जानकारी देने के लिए जोर डाला, तब जाकर उन्हें बताया गया कि उनके पिता लिफ्ट की डक्ट में गिरकर घायल हो गए हैं।

पीछे के रास्ते से अस्पताल ले जाने का आरोप, सिर पर दिखे गंभीर चोट के निशान

मृतक के बेटे ने आरोप लगाया कि घटना की जानकारी देने के बाद होटल स्टाफ उनके पिता को पीछे के रास्ते से निजी अस्पताल लेकर गया। राहुल के अनुसार, जब उन्होंने अपने पिता को देखा तो उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। घायल प्रदीप सिंह को जीरकपुर के जेपी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना वीरवार शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने जीरकपुर पुलिस को सूचित किया। पुलिस कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए डेराबस्सी सिविल अस्पताल भेज दिया गया है।

शिकायत और समझौते की चर्चाओं के बीच उठे सवाल

सूत्रों के मुताबिक, खबर लिखे जाने तक मृतक के परिजनों की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई थी। वहीं, होटल स्टाफ और पीड़ित परिवार के बीच समझौते को लेकर बातचीत होने की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर प्रदीप सिंह लिफ्ट की डक्ट में किन परिस्थितियों में गिरे? हादसे के बाद परिजनों को तुरंत जानकारी क्यों नहीं दी गई? क्या होटल में लिफ्ट की सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों की जिम्मेदारी की जांच होगी? फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। होटल प्रबंधन का पक्ष और पुलिस का आधिकारिक बयान आना बाकी है।

 

By admin