सेक्टर-9 में शुक्रवार सुबह मिला शव, हाथ पर बने टैटू में लिखा मिला ‘शिखा यूपी’; सीसीटीवी फुटेज और डंप डेटा के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
चंडीगढ़, अमर शर्मा। शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाकों में शामिल सेक्टर-9 में एक महिला की बेरहमी से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि वारदात चंडीगढ़ पुलिस मुख्यालय से महज 100 कदम की दूरी पर हुई। हमलावर ने महिला के सिर पर पत्थर से कई वार कर उसे बुरी तरह कुचल दिया। शुक्रवार सुबह राहगीर की नजर शव पर पड़ी तो उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, वारदात गुरुवार देर रात 12 बजे के बाद की बताई जा रही है। महिला की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। उसके हाथ पर बने टैटू में ‘शिखा यूपी’ लिखा हुआ मिला है। पुलिस इस टैटू को महिला की पहचान से जुड़ा अहम सुराग मानकर जांच कर रही है।
पुलिस मुख्यालय और बीट बॉक्स के पास वारदात
घटनास्थल से चंद कदमों की दूरी पर पुलिस का बीट बॉक्स मौजूद है। वहीं करीब 100 मीटर के दायरे में चंडीगढ़ पुलिस मुख्यालय, पंजाब पुलिस मुख्यालय और पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया का कार्यालय भी स्थित है। इन महत्वपूर्ण कार्यालयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था होने के बावजूद महिला की हत्या की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सिर पर पत्थर से किए कई वार
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावर ने महिला के सिर पर पत्थर से कई वार किए थे। उसका सिर बुरी तरह कुचला हुआ मिला। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह, हमलावरों की संख्या और वारदात की पूरी परिस्थितियों का खुलासा पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
सीसीटीवी और डंप डेटा खंगाल रही पुलिस
आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है। फुटेज के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला घटनास्थल पर कब पहुंची और वारदात के समय आसपास कौन-कौन मौजूद था। इसके अलावा पुलिस ने घटनास्थल का डंप डेटा भी जुटाया है।
गुमशुदगी की शिकायतों से पहचान की कोशिश
गुमशुदगी की शिकायतें भी खंगाल रही पुलिस महिला की पहचान के लिए चंडीगढ़ के सभी पुलिस थानों में दर्ज गुमशुदगी की शिकायतों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं किसी थाने में महिला के लापता होने की शिकायत तो दर्ज नहीं है। इसके अलावा, घटनास्थल का डंप डेटा भी जुटाया गया है।