मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित, स्वामी संपूर्णानंद जी महाराज और डॉ. अमृता दीदी का मिलेगा सानिध्य

पंचकूला, अमर शर्मा। पंचकूला को धार्मिक एवं आध्यात्मिक पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। श्री कृष्णा कृपा परिवार पंचकूला ट्रस्ट की ओर से 15 नवंबर को सेक्टर-27 स्थित हर्बल पार्क के सामने भव्य श्री कृष्णा कृपा धाम का शिलान्यास समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 9:30 बजे शुरू होगा। समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। वहीं, पूज्य स्वामी संपूर्णानंद जी महाराज एवं पूज्या स्वामी डॉ. अमृता दीदी जी का विशेष सानिध्य एवं आशीर्वाद प्राप्त होगा।

पंचकूला में विकसित होगा ज्ञान का सरोवर : दीपक गर्ग

शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने धाम की परिकल्पना और आयोजन की तैयारियों की जानकारी साझा की। इस दौरान दीपक गर्ग ने बताया कि गुरुजी के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद से पंचकूला में एक भव्य ‘ज्ञान का सरोवर’ विकसित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कुरुक्षेत्र का ब्रह्म सरोवर धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आस्था का प्रमुख केंद्र है, उसी तर्ज पर श्री कृष्णा कृपा धाम को ज्ञान, अध्यात्म, संस्कार और मानव सेवा के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस धाम का उद्देश्य केवल धार्मिक स्थल का निर्माण करना नहीं, बल्कि समाज को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक ज्ञान और जीवन के वास्तविक मूल्यों से जोड़ना है। यहां धार्मिक गतिविधियों के साथ सकारात्मक सोच, आपसी सद्भाव, सेवा भावना और संस्कारों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित कई दिग्गजों को न्योता

आयोजन के आमंत्रण पत्र के अनुसार हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित हैं। अति विशिष्ट अतिथियों में हरियाणा सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी, खेल मंत्री गौरव गौतम, राज्यसभा सांसद कार्तिक शर्मा और कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा शामिल हैं।

इसके अलावा पंचकूला के महापौर श्याम लाल बंसल, बंतो कटारिया, भारत भूषण भारती, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, तरुण भंडारी, भोपाल खदरी, ओम प्रकाश देवी नगर, अजय मित्तल, कुलभूषण गोयल एवं रूपिंदर आहलूवालिया सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों को भी आमंत्रित किया गया है।

धर्म, अध्यात्म और मानव सेवा का बनेगा केंद्र

ट्रस्ट प्रतिनिधियों ने कहा कि वर्तमान समय में नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और आध्यात्मिक ज्ञान से जोड़ना बेहद जरूरी है। इसी सोच के साथ श्री कृष्णा कृपा धाम को आने वाली पीढ़ियों के लिए आस्था, ज्ञान, भक्ति और सेवा का प्रमुख केंद्र बनाने का संकल्प लिया गया है। ट्रस्ट का प्रयास रहेगा कि यहां धार्मिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों के माध्यम से समाज में सद्भावना और मानवता के मूल्यों को मजबूत किया जाए।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में शहर के गणमान्य लोग रहे मौजूद

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पंचकूला के महापौर श्याम लाल बंसल, दीपक गर्ग, जगमोहन गर्ग, परविंदर ढींगरा, संजीव अग्रवाल रायपुररानी, रिम्पी गर्ग, धर्मपाल सिंगला, पावा जी, अभिषेक मित्तल, विकास गोयल, राजीव गुप्ता, सतीश अग्रवाल, दिनेश गुप्ता और संजय सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। सभी ने इस पहल को धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

श्रद्धालुओं से समारोह में पहुंचने की अपील

श्री कृष्णा कृपा परिवार पंचकूला ट्रस्ट की ओर से पंचकूला, चंडीगढ़, हरियाणा एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं, सामाजिक संस्थाओं और धार्मिक संगठनों से 15 नवंबर को आयोजित शिलान्यास समारोह में शामिल होने की अपील की गई है। ट्रस्ट के अनुसार श्री कृष्णा कृपा धाम केवल एक भवन नहीं, बल्कि ज्ञान, भक्ति, सेवा और संस्कारों की ऐसी परिकल्पना है, जिसे आने वाली पीढ़ियों तक आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया है।

कार्यक्रम स्थल: सेक्टर-27, हर्बल पार्क के सामने, पंचकूला।

समय: सुबह 9:30 बजे से।

By admin