भाजपा नेता ने विधायक कुलजीत रंधावा, सुभाष शर्मा और सनी सिंह अहलूवालिया पर साधा निशाना, बोले—इलाज के साथ बेरोजगारी, नशे और अपराध पर भी ध्यान दे सरकार
जीरकपुर, अमर शर्मा। भाजपा नेता संजीव खन्ना ने हलका डेराबस्सी में आम आदमी पार्टी की ओर से चलाए जा रहे हेल्थ कार्ड वितरण अभियान को लेकर पंजाब सरकार और स्थानीय आप नेताओं पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विधायक कुलजीत सिंह रंधावा, आप नेता सुभाष शर्मा और पंजाब वाटर सप्लाई एवं सीवरेज बोर्ड के चेयरमैन सनी सिंह अहलूवालिया लोगों के हेल्थ कार्ड बनवाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, लेकिन हलके में बढ़ती बेरोजगारी, चोरी-चकारी, आपराधिक घटनाओं और नशे की समस्या पर भी उन्हें इतनी ही गंभीरता दिखानी चाहिए।
खन्ना ने कहा कि डेराबस्सी हलके के युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती रोजगार की है। बेरोजगारी के कारण युवा आर्थिक और सामाजिक परेशानियों से जूझ रहे हैं। सरकार को चाहिए कि युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध करवाए, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और नशे तथा अपराध जैसी बुराइयों से दूर रहकर बेहतर भविष्य बना सकें।
क्या सरकार नौजवानों के बीमार होने का इंतजार कर रही है?
भाजपा नेता ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या पंजाब सरकार चाहती है कि युवाओं को रोजगार न मिले, वे बेरोजगारी से परेशान होकर चोरी-चकारी और नशे के दलदल में फंस जाएं और फिर बीमार पड़ने पर सरकार उन्हें हेल्थ कार्ड देकर इलाज करवाए? उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसी परिस्थितियां पैदा करनी चाहिए, जहां युवाओं को अपराध और नशे की तरफ जाने की नौबत ही न आए।
हेल्थ कार्ड के साथ रोजगार कार्ड की भी चिंता करें आप नेता
संजीव खन्ना ने स्थानीय आप नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस तरह हेल्थ कार्ड बनवाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है, उसी तरह बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए भी विशेष मुहिम चलाई जानी चाहिए। सरकार नए उद्योग स्थापित करने, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करने, कौशल विकास और नशा तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई पर ध्यान दे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें हेल्थ कार्ड योजना से कोई आपत्ति नहीं है और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए, लेकिन सरकार की प्राथमिकता केवल इलाज तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। युवाओं के हाथों में रोजगार होगा तो वे अपने परिवार का सहारा बनेंगे और समाज की मुख्यधारा में सकारात्मक योगदान दे सकेंगे।
खन्ना ने पंजाब सरकार से मांग की कि डेराबस्सी हलके में बेरोजगार युवाओं के लिए ठोस रोजगार योजना तैयार की जाए तथा नशा तस्करी और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।