पंचकूला, कपिल नागपाल। करवा चौथ के अवसर पर दि रोमा में ग्रैंड सेलिब्रेशन का आयोजन किया गया। इस खास इवेंट में करीब 70 से 75 महिलाओं ने हिस्सा लिया और पारंपरिक उत्सव के साथ जमकर मस्ती की। इस बार कार्यक्रम की थीम वेडिंग रखी गई थी, जिसने पूरे आयोजन को शादी समारोह जैसा रंग दे दिया।
आयोजकों निधि चावला और विच्छा ने बताया कि इवेंट की घोषणा करीब 10 दिन पहले की गई थी। करवा चौथ के दिन ही कार्यक्रम आयोजित करने के बावजूद महिलाओं की ओर से शानदार रिस्पॉन्स मिला। इवेंट में शामिल महिलाओं को दो टीमों में बांटा गया, जिसमें एक टीम लड़के वालों और दूसरी लड़की वालों की बनाई गई। शादी समारोह में होने वाली नोक-झोंक को मनोरंजक अंदाज में प्रस्तुत करते हुए विभिन्न गेम्स और फन एक्टिविटीज का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मेहंदी, गेम्स और अलग-अलग मनोरंजक सेगमेंट आकर्षण का केंद्र रहे। महिलाओं ने अपने व्यस्त शेड्यूल से समय निकालकर गर्ल्स टाइम को खूब एन्जॉय किया। खास बात यह रही कि मुंबई सहित अन्य शहरों से भी कई महिलाएं पहली बार इस इवेंट में शामिल होने पहुंचीं। उन्होंने बताया कि इंस्टाग्राम पर दि रोमा के आयोजन देखकर यहां आने का फैसला किया।
इवेंट में शामिल महिलाओं ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि दि रोमा में निधि चावला और विच्छा द्वारा हर त्योहार को पारंपरिक अंदाज में खास तरीके से मनाया जाता है। यहां आने वाले मेहमान हमेशा खुश होकर लौटते हैं। महिलाओं ने कहा कि इस तरह के आयोजन त्योहारों की खुशियों को बढ़ाने के साथ-साथ महिलाओं को एक-दूसरे के साथ समय बिताने और मनोरंजन का अवसर भी देते हैं।
करवा चौथ का धार्मिक महत्व
करवा चौथ का व्रत सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए रखती हैं। इस पर्व को भगवान शिव और माता पार्वती के अटूट रिश्ते तथा दांपत्य प्रेम का प्रतीक माना जाता है।