मुबारिकपुर घग्घर नदी पर आठवें छठ पूजन समारोह में हुए शामिल, जीरकपुर की विभिन्न सोसाइटियों में भी श्रद्धालुओं को दी पर्व की शुभकामनाएं
जीरकपुर, अमर शर्मा । भाजपा नेता संजीव खन्ना ने घोषणा की कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने पर डेराबस्सी विधानसभा हलके में सबसे पहले छठ पूजा के लिए पक्के घाट का निर्माण करवाने को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पूर्वांचल समाज के हजारों परिवार रहते हैं, लेकिन छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए पर्याप्त स्थायी सुविधाएं नहीं मिल पातीं। ऐसे में पक्के छठ घाट का निर्माण समय की जरूरत है।
संजीव खन्ना जीरकपुर और डेराबस्सी क्षेत्र में आयोजित विभिन्न छठ पूजा समारोहों में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मुबारिकपुर स्थित घग्घर नदी के छठ घाट पर मां छठ पूजा सेवा समिति की ओर से आयोजित आठवें छठ पूजन समारोह में शिरकत की। समिति के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया और सम्मानित किया।
इस अवसर पर संजीव खन्ना ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, श्रद्धा और प्रकृति की उपासना का प्रतीक है। इस पर्व पर हजारों श्रद्धालु सूर्यदेव को अर्घ्य देने के लिए घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए स्थायी घाटों के साथ साफ-सफाई, उचित रोशनी, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाना बेहद आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि छठ मैया का आशीर्वाद सभी पर बना रहे और समाज में आपसी प्यार व भाईचारा हमेशा कायम रहे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा की सरकार बनने पर डेराबस्सी हलके में छठ पूजा के लिए पक्का घाट बनवाने का प्रयास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
इसके अलावा संजीव खन्ना ने जीरकपुर की विभिन्न रिहायशी सोसाइटियों में आयोजित छठ पूजा कार्यक्रमों में भी भाग लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं और पूजा समितियों के पदाधिकारियों से मुलाकात कर उन्हें छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत करते हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन को भी छठ पूजा के लिए स्थायी सुविधाएं विकसित करने की दिशा में गंभीरता से कदम उठाने चाहिए।