गुरुग्राम के शिवाजी नगर थाने में तैनात था सब इंस्पेक्टर नरपाल सिंह, बातचीत के बाद 60 हजार रुपये में तय हुआ था सौदा
ACB ने जाल बिछाकर पकड़ा, शिकायतकर्ता से पहली किस्त के रूप में ले रहा था 30 हजार रुपये; भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज
गुरुग्राम। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम के थाना शिवाजी नगर में तैनात सब इंस्पेक्टर नरपाल सिंह को 30 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी थाने में अतिरिक्त एसएचओ के तौर पर तैनात था। ब्यूरो के अनुसार, एक शिकायत का निपटारा करने और शिकायतकर्ता के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज नहीं करने की एवज में उसने 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। बातचीत के बाद 60 हजार रुपये में सौदा तय हुआ था।
ब्यूरो के अनुसार, पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले का निवासी शिकायतकर्ता फिलहाल गुरुग्राम की ईएमएएआर प्लम हिल्स सोसायटी में किराये पर रह रहा है। भूपेंद्र नामक व्यक्ति ने उसके खिलाफ थाना शिवाजी नगर में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस शिकायत का निपटारा करने और उसके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज नहीं करने के बदले सब इंस्पेक्टर नरपाल सिंह ने उससे 2 लाख रुपये की मांग की थी। बाद में बातचीत के दौरान रिश्वत की राशि 60 हजार रुपये तय हुई।
ACB ने जाल बिछाकर पकड़ा, पहली किस्त लेते ही गिरफ्तारी
शिकायत मिलने के बाद SV&ACB गुरुग्राम की टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान सब इंस्पेक्टर नरपाल सिंह को शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये की पहली किस्त लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
ट्रैप की कार्रवाई का नेतृत्व SV&ACB गुरुग्राम यूनिट के प्रभारी इंस्पेक्टर जयपाल सिंह ने किया। इस दौरान राजपत्रित अधिकारी के रूप में DHBVN गुरुग्राम के SDO धर्मेंद्र कुमार भी मौजूद रहे। ब्यूरो के अनुसार, ट्रैप की पूरी कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए की गई।
आरोपी के खिलाफ FIR नंबर 50, दिनांक 22 नवंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308 के तहत थाना SV&ACB गुरुग्राम में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
रिश्वत मांगे तो 1064 पर करें शिकायत
SV&ACB ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत मांगता है तो इसकी सूचना तुरंत ब्यूरो को दें। इसके लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 और 1800-180-2022 जारी किए गए हैं। इसके अलावा व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 पर भी शिकायत भेजी जा सकती है।
नागरिक ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से भी भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। ऐप पर फोटो, वीडियो, ऑडियो और PDF दस्तावेज अपलोड करने के साथ गूगल लोकेशन साझा करने की सुविधा भी उपलब्ध है। ब्यूरो ने शिकायतकर्ताओं की पहचान और गोपनीयता बनाए रखने का भरोसा दिया है।