पंचकूला। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में पंचकूला पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ अपना शिकंजा और कस दिया है। जिले में खनन माफियाओं पर नकेल कसने के लिए दिन-रात गश्त, नाकाबंदी और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रामगढ़ चौकी पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए अवैध खनन सामग्री से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़कर जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार, नियमित गश्त के दौरान गांव बूंगा के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली संदिग्ध परिस्थितियों में खनन सामग्री ले जाती दिखाई दी। पुलिस टीम ने वाहन को रोककर जांच की तो उसमें अवैध रूप से निकाली गई खनन सामग्री भरी मिली। इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर चौकी रामगढ़ पहुंचाया और नियमानुसार माइनिंग विभाग को सूचना दी।
विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद वाहन को इंपाउंड कर दिया गया है। मामले में संबंधित नियमों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने स्पष्ट कहा कि जिले में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस द्वारा चिन्हित माइनिंग क्षेत्रों में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों और आधुनिक तकनीकी संसाधनों की मदद से संदिग्ध गतिविधियों पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है।
उन्होंने कहा कि अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पंचकूला पुलिस का यह अभियान आगे भी पूरी गंभीरता और सख्ती के साथ जारी रहेगा, ताकि जिले में अवैध खनन पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।