पंचकूला। पंचकूला पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मढ़ावाला क्षेत्र से लापता हुए 9 वर्षीय मूक-बधिर बच्चे को करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। बच्चा घर का रास्ता भटककर हिमाचल प्रदेश की सीमा में पहुंच गया था और बद्दी की मार्केट में अकेला घूम रहा था। पुलिस ने उसे सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
DCP अमरिंदर सिंह के अनुसार, मढ़ावाला क्षेत्र का रहने वाला 9 वर्षीय बच्चा रविवार सुबह घर से निकलने के बाद रास्ता भटक गया और हिमाचल प्रदेश की सीमा में पहुंच गया। काफी देर तक बच्चे के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की। कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने मढ़ावाला चौकी पुलिस को इसकी सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी इंचार्ज मान सिंह की अगुवाई में ASI संदीप और पुलिस टीम ने तुरंत बच्चे की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने बच्चे की फोटो के माध्यम से आसपास के क्षेत्रों में लोगों से संपर्क किया और अपील की कि यदि बच्चा कहीं दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। टीम ने अलग-अलग स्थानों पर बच्चे की तस्वीर साझा कर तलाश जारी रखी।
पुलिस की लगातार सक्रियता और स्थानीय लोगों के साथ समन्वय के चलते करीब चार घंटे बाद बच्चे का पता जिला सोलन के बद्दी क्षेत्र की मार्केट में लगा। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्चे को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया। इसके बाद उसे परिजनों से मिलवाया गया। बच्चे के सकुशल घर लौटने पर परिजनों ने पंचकूला पुलिस का आभार जताया।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक रहें सतर्क : पंकज नैन
पुलिस कमिश्नर IPS पंकज नैन ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की सुरक्षा को लेकर हमेशा सतर्क रहें। विशेषकर छोटे बच्चों और दिव्यांग बच्चों पर अतिरिक्त ध्यान दें तथा उन्हें अकेले घर से बाहर न जाने दें। उन्होंने कहा कि बच्चों की जेब में परिवार के किसी सदस्य का मोबाइल नंबर, घर का पता और जरूरी संपर्क जानकारी अवश्य रखनी चाहिए, ताकि किसी आपात स्थिति में उनकी पहचान कर परिजनों से संपर्क किया जा सके।
उन्होंने अभिभावकों को बच्चों को उनकी उम्र और समझ के अनुसार यह सिखाने की भी सलाह दी कि रास्ता भटकने या किसी परेशानी में पड़ने पर वे पुलिसकर्मी अथवा किसी भरोसेमंद व्यक्ति से मदद मांगें। उन्होंने कहा कि पुलिस आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर है।