पंचकूला, 4 अगस्त: पंचकूला पुलिस ने 72 वर्षीय नीरा मेहता हत्याकांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए घरेलू सहायिका सुनीता, उसके पति शंकर और बेटे राजा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस हत्या के साथ-साथ चोरी के एंगल से भी जांच कर रही है।
डीसीपी आईपीएस अदिति सिंह ने बताया कि 3 अगस्त को रिटायर्ड आर्मी कैप्टन मनमोहन लाल मेहता ने शिकायत दी थी कि उनकी पत्नी घरेलू सहायिका पर गहने चोरी होने के संदेह में उसके घर गई थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ोसी मकान की छत से देखा तो महिला का शव दरी में लिपटा हुआ मिला। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चोरी के शक को लेकर हुए विवाद और धक्का-मुक्की के दौरान महिला की मौत हुई। हालांकि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा।
डीसीपी अदिति सिंह ने बताया कि पंचकूला पुलिस अकेले रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन 9115777026 चला रही है। उन्होंने लोगों से घरेलू सहायकों का पुलिस सत्यापन कराने की अपील की। जिले में अब तक 170 वरिष्ठ नागरिकों का सत्यापन किया जा चुका है।