पंचकूला। सड़कों पर घूमने वाले आवारा पशु अब वाहन चालकों के साथ-साथ खुद उनके लिए भी बड़ा खतरा बनते जा रहे हैं। इसी समस्या को देखते हुए पंचकूला पुलिस ने सड़क हादसों पर लगाम लगाने और बेजुबान पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में शुरू किए गए इस अभियान के तहत शहर की सड़कों, प्रमुख मार्गों और हाईवे पर घूमने वाले पशुओं को सुरक्षित तरीके से पकड़कर गौशालाओं तक पहुंचाया जाएगा। अभियान का मकसद सड़क पर अचानक पशुओं के आने से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकना और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाना है।
पहले ही दिन हाईवे से 28 पशु रेस्क्यू
अभियान की शुरुआत डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह की मौजूदगी में हुई। डीसीपी अमरिंदर सिंह खुद मौके पर पहुंचे और अभियान में लगी पुलिस टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अभियान के पहले दिन पंचकूला-यमुनानगर हाईवे से 28 पशुओं को सुरक्षित पकड़कर गौशाला पहुंचाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से हाईवे पर वाहन चालकों के लिए पैदा होने वाले संभावित हादसे के खतरे को कम करने में मदद मिली।
शहर से हाईवे तक चलेगा अभियान
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि यह अभियान सिर्फ एक दिन की कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे पंचकूला जिले में व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। पुलिस टीमें शहर की सड़कों, मुख्य मार्गों, हाईवे और अन्य व्यस्त स्थानों पर लगातार निगरानी रखेंगी और जहां भी आवारा पशु दिखाई देंगे, उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कई बार सड़क पर अचानक पशु आने से वाहन चालक अपना संतुलन खो बैठते हैं। खासकर हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों के सामने अचानक पशु आने से गंभीर हादसे हो सकते हैं। ऐसे में पुलिस का यह अभियान वाहन चालकों और पशुओं दोनों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम है।
नगर निगम और गौशाला टीम का भी सहयोग
इस अभियान में पंचकूला नगर निगम के साथ-साथ सेक्टर-23 स्थित गौवन सेवा धाम की टीम का भी सहयोग लिया जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें मिलकर सड़कों पर घूमने वाले पशुओं को सुरक्षित पकड़कर गौशालाओं तक पहुंचाने का काम करेंगी।
पंचकूला पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। आने वाले दिनों में जिले के अन्य प्रमुख मार्गों और हाईवे पर भी कार्रवाई तेज की जाएगी।