पंचकूला (कपिल नागपाल ): हरियाणा का पंचकूला शहर इन दिनों स्पा सेंटरों की बढ़ती संख्या को लेकर चर्चा में है। स्थानीय लोगों और सूत्रों का दावा है कि पिछले करीब एक महीने के दौरान शहर के अलग-अलग सेक्टरों में दो दर्जन से अधिक नए स्पा सेंटर शुरू हुए हैं। आरोप है कि इनमें से कई जगहों पर मसाज के नाम पर अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
सूत्रों के अनुसार, जीरकपुर में पुलिस द्वारा स्पा सेंटरों पर लगातार की गई कार्रवाई के बाद कई संचालकों ने अपना कारोबार पंचकूला की ओर शिफ्ट कर लिया। इसी वजह से शहर में अचानक स्पा सेंटरों की संख्या तेजी से बढ़ी है। हालांकि इस संबंध में किसी भी सरकारी एजेंसी ने अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पंचकूला में स्पा सेंटरों को लेकर बड़ा खुलासा! IDAM TODAY NEWS के पास पहुंचे कुछ वीडियो ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में सेक्टर-20 के कुछ स्पा सेंटरों में संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन स्पा सेंटरों में मसाज की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। यदि वीडियो और आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह शहर में खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ाने जैसा मामला हो सकता है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या पंचकूला पुलिस इन दावों की जांच कर सच्चाई सामने लाएगी और दोषियों पर कार्रवाई करेगी?
बताया जा रहा है कि सेक्टर-6, सेक्टर-20, एमडीसी, सेक्टर-14, सेक्टर-11, सेक्टर-8 और सेक्टर-5 की मार्केट में बड़ी संख्या में स्पा सेंटर संचालित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ सेंटरों में मसाज की आड़ में कथित तौर पर देह व्यापार कराया जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले समय में यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।
सूत्रों का दावा है कि कथित तौर पर ग्राहकों को पहले अलग-अलग युवतियों की तस्वीरें और जानकारी दिखाई जाती है। इसके बाद उनकी पसंद और कथित “पैकेज” के अनुसार रकम तय की जाती है और फिर उन्हें निजी कमरों में भेजा जाता है। यह भी दावा किया जा रहा है कि इन सेंटरों में काम करने वाली कुछ युवतियां उत्तर-पूर्वी राज्यों, उत्तर प्रदेश, पंजाब, दिल्ली, उत्तराखंड समेत अन्य राज्यों से लाई जाती हैं। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार इस मुद्दे पर चिंता जताई, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण अब मामला मीडिया के सामने रखा गया है। उनका आरोप है कि यदि प्रशासन समय रहते प्रभावी कार्रवाई करे तो इस तरह की कथित अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सकता है।
हरियाणा में समय-समय पर पुलिस द्वारा कथित सेक्स रैकेट का खुलासा किया जाता रहा है। इसके बावजूद यदि ऐसे आरोप दोबारा सामने आ रहे हैं तो यह जांच का विषय है। अब देखने वाली बात होगी कि पंचकूला पुलिस इन आरोपों की जांच कर क्या कार्रवाई करती है।
कहां-कहां बढ़े स्पा सेंटर?
- पिछले एक महीने में दो दर्जन से अधिक नए स्पा सेंटर खुलने का दावा।
- सेक्टर-6, 20, 14, 11, 8, 5 और एमडीसी क्षेत्र चर्चा में।
- स्थानीय लोगों ने अवैध गतिविधियों की आशंका जताई।
- पुलिस से निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग।