पंचकूला। जिला कांग्रेस कार्यकारिणी की मासिक बैठक बुधवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय चौहान की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ जनहित से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान SIR अभियान को लेकर विशेष रणनीति बनाई गई। जिला अध्यक्ष संजय चौहान ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे अभियान की प्रत्येक गतिविधि में सक्रिय भूमिका निभाएं और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करें।
बैठक में अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की राशि में कथित अनियमितताओं तथा पंचकूला के श्री माता मनसा देवी मंदिर में सामने आए कथित वित्तीय गड़बड़ी के मामले पर भी गंभीर चिंता जताई गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े धार्मिक स्थलों पर चढ़ावे की राशि में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बेहद गंभीर विषय है और इसकी निष्पक्ष जांच होना जरूरी है।
कांग्रेस ने सरकार से मांग की कि दोनों मामलों की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाए। यदि जांच में किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास कायम रह सके।
बैठक में पूर्व प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुधा भारद्वाज, जिला मीडिया इंचार्ज विनीत ठकराल, सुषमा खन्ना, नरेंद्र शर्मा, छज्जू राम, अमनदीप कौर, माला नागरा, दीपक चौहान, सुनील सोनकर, लेख राज, गुरभाग सिंह धमाला, दशरथ कश्यप, सोनिया नागरा, हर्षिल नागरा, विकास भट्ट, गौरव शर्मा, श्याम लाल, नाथी राम राणा, लता देवी सहित जिला कांग्रेस कार्यकारिणी के अनेक सदस्य मौजूद रहे।