जीरकपुर, अमर शर्मा। जीरकपुर में एक कारोबारी को रास्ते में घेरकर उसका अपहरण करने के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोप है कि मोटरसाइकिल सवार युवक ने पहले कारोबारी की मर्सिडीज कार के आगे मोटरसाइकिल लगाकर उसे रोक लिया। इसके बाद पीछे से आई गाड़ियों में सवार लोगों ने कारोबारी के साथ मारपीट की और जबरन उसे इनोवा कार में बैठाकर ले गए। हालांकि, कारोबारी किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलने में कामयाब रहा और अपनी पत्नी को फोन कर घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने मामले में एक आरोपी विशु कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार पंचकूला सेक्टर-12 निवासी अजय खरबंदा (55) प्रॉपर्टी का कारोबार करते हैं। उन्होंने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह 11 सितंबर को अपनी सफेद रंग की मर्सिडीज कार नंबर CH-01CC-0247 से पंचकूला से रॉयल एस्टेट, अंबाला रोड जीरकपुर स्थित अपने दोस्त से मिलने आए थे। दोस्त को कार में बैठाने के बाद दोनों शाम करीब 4:45 बजे जीरकपुर की तरफ जा रहे थे।
शिकायत के मुताबिक एडवांस्ड अस्पताल से कुछ आगे पहुंचते ही अचानक एक मोटरसाइकिल सवार युवक ने ब्रेक लगाकर अपनी बाइक कारोबारी की कार के आगे लगा दी। इससे उन्हें अपनी कार रोकनी पड़ी। इसी दौरान पीछे से तीन अन्य गाड़ियां भी वहां पहुंच गईं। आरोप है कि इनमें से कुछ लोग बाहर निकले और कारोबारी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोपियों ने कथित तौर पर कारोबारी को जबरन उठाकर इनोवा कार में डाल लिया। इसके बाद आरोपी सिंहपुर चौक से यू-टर्न लेकर भबात की तरफ चले गए और एक स्थान पर कार रोक दी। कारोबारी ने मौका पाकर किसी तरह इनोवा से बाहर निकलने में सफलता हासिल की और तुरंत अपनी पत्नी को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे लोगों की मदद से उसे बचाया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने विशु कुमार पुत्र प्रेम नाथ, निवासी गुरु हरसहाय, जिला फिरोजपुर, हाल निवासी औरा गजानिया सोसायटी, हाई ग्राउंड रोड, भबात, जीरकपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक मामले में राम सिंह उर्फ … तथा 6-7 अज्ञात व्यक्तियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे/वारदात से संबंधित इनोवा कार नंबर CH-01AR-0121 तथा महिंद्रा वाहन नंबर T0226DL19138 बरामद किए हैं। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 140(3), 126(2), 127(2), 351(2), 115(2), 3(5) तथा शस्त्र अधिनियम की धाराओं 25, 54, 59 के तहत थाना जीरकपुर में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि कारोबारी को अगवा करने की कोशिश के पीछे क्या वजह थी, गिरोह में कितने लोग शामिल हैं और वारदात में इस्तेमाल अन्य वाहनों व आरोपियों की क्या भूमिका रही।