चंडीगढ़। राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री भारत सरकार चौधरी जयंत सिंह तथा राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी की संस्तुति से राखी मेहरा को राष्ट्रीय लोक दल (RLD) NGO चंडीगढ़ प्रकोष्ठ की संयोजक मनोनीत किया गया है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय लोक दल चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष विद्या शंकर पाठक ने राखी मेहरा को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए कहा कि NGO और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा युवाओं, महिलाओं, जरूरतमंदों और समाज के विभिन्न वर्गों के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन सही जानकारी और मार्गदर्शन के अभाव में कई लोग इन योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाते।
विद्या शंकर पाठक ने कहा कि राखी मेहरा के नेतृत्व में NGO चंडीगढ़ प्रकोष्ठ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने तथा युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए प्रभावी रूप से कार्य करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि राखी मेहरा संगठन की नीतियों और उद्देश्यों को आगे बढ़ाते हुए चंडीगढ़ में सामाजिक एवं रोजगार संबंधी गतिविधियों को मजबूत करेंगी।
राखी मेहरा के मनोनयन का मुख्य उद्देश्य NGO, सामाजिक संस्थाओं और सरकारी विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर युवाओं एवं जरूरतमंद लोगों तक केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी, रोजगारपरक और कौशल विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
राखी मेहरा ने राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह, राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी तथा चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष विद्या शंकर पाठक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगी।
उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि जानकारी और सही मार्गदर्शन के अभाव में सरकारी योजनाओं से वंचित रहने वाले युवाओं को योजनाओं से जोड़ा जाए तथा उन्हें रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराने में हरसंभव सहयोग किया जाए।
राखी मेहरा ने कहा कि NGO और सरकार के बेहतर तालमेल से युवाओं के लिए रोजगार एवं सामाजिक विकास के नए रास्ते खोले जा सकते हैं। इसी उद्देश्य के साथ राष्ट्रीय लोक दल NGO चंडीगढ़ प्रकोष्ठ जनहित में सक्रिय भूमिका निभाएगा ।