पंचकूला, 21 जुलाई। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पंचकूला पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना साइबर क्राइम सेक्टर-20 की टीम ने 83.22 लाख रुपये की क्रिप्टो ट्रेडिंग निवेश ठगी के मामले में गिरोह से जुड़े दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विष्णु उर्फ बिल्ला (फतेहाबाद) और सूर्या (हिसार) के रूप में हुई है। इस मामले में अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने बताया कि इससे पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी दीपक और सुनील कुमार से पूछताछ के दौरान मिले अहम सुरागों के आधार पर पुलिस इस संगठित साइबर ठगी नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंची और दोनों आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की।
जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता के बेटे को सोशल मीडिया के जरिए संपर्क कर क्रिप्टो ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा दिया गया। आरोपियों ने फर्जी वेबसाइट, व्हाट्सएप चैट और खुद को ट्रेडिंग एक्सपर्ट बताकर पहले विश्वास जीता। शुरुआती निवेश पर नकली मुनाफा दिखाने के बाद पीड़ित से निवेश, कमीशन, वेरिफिकेशन फीस और अन्य शुल्क के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई आईडी में लगातार पैसे ट्रांसफर करवाए गए। इस तरह पीड़ित से कुल 83,22,928 रुपये की ठगी कर ली गई।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि ठगी की रकम फर्जी और किराए पर लिए गए बैंक खातों के जरिए आगे विभिन्न खातों में भेजी जा रही थी। साइबर थाना सेक्टर-20 के एसएचओ युद्धवीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंच बनाई।
दोनों आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और इस साइबर ठगी से जुड़े अन्य आरोपियों एवं लाभार्थियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।
पुलिस की अपील
पंचकूला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया, व्हाट्सएप या अन्य ऑनलाइन माध्यमों पर मिलने वाले क्रिप्टो ट्रेडिंग और निवेश के आकर्षक प्रस्तावों पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। यदि किसी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी का शिकार हों तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते धनराशि को सुरक्षित कराया जा सके।