पटियाला, संवाददाता जसविंदर सैंडी। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पहचान बना चुके प्ले वेज़ सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पटियाला ने एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता साबित कर दी है। स्कूल के मेधावी छात्र आयुष गुप्ता ने NEET UG 2026 परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 720 में से 689 अंक हासिल किए हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने पटियाला जिले में पहला स्थान और ऑल इंडिया रैंक (AIR) 139 प्राप्त कर स्कूल, परिवार और पूरे जिले का नाम रोशन किया है।
आयुष की सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि इससे पहले उन्होंने पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की 12वीं परीक्षा में 500 में से 491 अंक (98.2%) हासिल कर मेरिट सूची में अपना स्थान बनाया था। लगातार दो बड़ी सफलताओं ने उन्हें प्रदेश के होनहार विद्यार्थियों की अग्रिम पंक्ति में ला खड़ा किया है।
आयुष एक प्रतिष्ठित मेडिकल परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता डॉ. गौरव गुप्ता जाने-माने चिकित्सक हैं। परिवार के मार्गदर्शन, अपनी कड़ी मेहनत और स्कूल के बेहतर शैक्षणिक माहौल ने उनकी इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
स्कूल के चेयरमैन डॉ. राजदीप सिंह, डायरेक्टर हरलीन कौर और प्रिंसिपल रक्षा वर्मा ने आयुष गुप्ता को इस ऐतिहासिक सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि प्ले वेज़ सीनियर सेकेंडरी स्कूल हमेशा प्रतिभाशाली और मेहनती विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग देता है। उन्होंने विश्वास जताया कि आयुष भविष्य में एक सफल डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करेंगे और देश का नाम रोशन करेंगे।
स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भी आयुष की इस शानदार उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह सफलता न केवल प्ले वेज़ सीनियर सेकेंडरी स्कूल की गुणवत्ता का प्रमाण है, बल्कि आने वाली पीढ़ी के विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।