चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 274 ASP और DSP रैंक के अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। पुलिस इस्टैब्लिशमेंट कमेटी की मंजूरी के बाद शनिवार देर रात जारी इस सूची में हाल ही में DSP पद पर प्रमोट हुए अधिकारियों के साथ ट्रेनिंग पूरी कर लौटे अफसरों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल के तहत अमृतसर, मोहाली, लुधियाना, जालंधर और पटियाला समेत कई जिलों में पुलिस अधिकारियों की तैनाती बदली गई है।

DGP कार्यालय की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपनी मौजूदा तैनाती से रिलीव होकर 22 नवंबर को दोपहर तक नई पोस्टिंग वाली जगह पर जॉइन करना होगा। इसके बाद जॉइनिंग की रिपोर्ट भी संबंधित कार्यालय को भेजनी होगी।

बड़े शहरों में बदले पुलिस अधिकारी

अमृतसर: हैदराबाद स्थित नेशनल पुलिस अकादमी (NPA) से बेसिक ट्रेनिंग पूरी कर लौटे 2024 बैच के IPS अधिकारी पारस गर्ग को ASP सब-डिवीजन सेंट्रल अमृतसर लगाया गया है। हरिंदर सिंह को ACP नॉर्थ, गुरविंदर सिंह को ACP साउथ, प्रीत इंदर सिंह को ACP डिटेक्टिव और बलजीत सिंह को ACP हेडक्वार्टर की जिम्मेदारी दी गई है।

मोहाली (SAS नगर): वरिंदर सिंह खोसा को DSP डेराबस्सी, इंदरजीत सिंह को DSP हेडक्वार्टर, गुरप्रीत सिंह को DSP सिटी-2 और हरमनप्रीत सिंह को DSP एयरपोर्ट नियुक्त किया गया है। अमरबीर सिंह को DSP साइबर क्राइम एंड फॉरेंसिक तथा हरसिमरन सिंह को DSP NRI मोहाली की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

लुधियाना: अमनदीप सिंह को ACP गिल (साउथ), सुखविंदर सिंह बराड़ को ACP साहनेवाल, गुरप्रीत सिंह को ACP नॉर्थ, अनवर अली को ACP वेस्ट, सतीश कुमार को ACP सेंट्रल और रजनीश कुमार को ACP ईस्ट लगाया गया है। दीपिंदर सिंह को ACP ट्रैफिक-1, इंदरजीत सिंह को ACP डिटेक्टिव-1 और दीप करण सिंह को ACP डिटेक्टिव-2 की जिम्मेदारी मिली है।

जालंधर: सुरिंदर सिंह को ACP डिटेक्टिव, मोहित कुमार को ACP वेस्ट, ओंकार सिंह को ACP सेंट्रल, राजेश ठाकुर को ACP नॉर्थ, जतिंदर चौहान को ACP कैंट और रूपदीप कौर को ACP मॉडल टाउन नियुक्त किया गया है। अमृतपाल सिंह को ACP ट्रैफिक लगाया गया है।

पटियाला: फतेह सिंह बराड़ को DSP सिटी-2, हरतेश कौशिक को DSP राजपुरा, पलविंदर सिंह को DSP रूरल (सनौर), रणबीर सिंह को DSP पातड़ां और गुरदीप सिंह को DSP समाना की जिम्मेदारी दी गई है। अमरदीप सिंह को DSP डिटेक्टिव और हेमंत कुमार को DSP हेडक्वार्टर पटियाला लगाया गया है।

बठिंडा समेत अन्य जिलों और विशेष इकाइयों में भी बदलाव

मनोज कुमार को DSP सिटी-1 बठिंडा, अमनदीप सोंधी को DSP निहाल सिंह वाला, आतिश भाटिया को DSP दसूहा और निखिल गर्ग को DSP कलानौर (गुरदासपुर) नियुक्त किया गया है। सुखजीत सिंह को पंजाब काउंटर इंटेलिजेंस के साथ SSOC मोहाली का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।

प्रमोट DSP को मिली फील्ड में जिम्मेदारी

इस तबादला सूची में बड़ी संख्या में ऐसे अधिकारियों को भी शामिल किया गया है, जिन्हें हाल ही में इंस्पेक्टर से प्रमोट कर DSP बनाया गया है। इन अधिकारियों को विभिन्न जिलों की सब-डिवीजन के अलावा क्राइम अगेंस्ट वुमन एंड चिल्ड्रन, PBI नारकोटिक्स, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) जैसी महत्वपूर्ण इकाइयों में तैनात किया गया है।

वहीं, UN मिशन से लौटे सुभाष चंद्र को DSP ANTF लुधियाना रेंज नियुक्त किया गया है। इस फेरबदल को जिला पुलिस के साथ-साथ विशेष जांच और सुरक्षा इकाइयों में जिम्मेदारियों के व्यापक पुनर्गठन के तौर पर देखा जा रहा है।

By admin