पंचकूला पुलिस की दो बड़ी कार्रवाइयों में 3 नशा तस्कर काबू, 682 ग्राम अफीम और 12.32 ग्राम हेरोइन बरामद

यूपी से अफीम लाकर कालका-पिंजौर-मढ़ावाला में सप्लाई करने का आरोप; बाइक सवार दो युवकों से हेरोइन बरामद, दोनों ने हिमाचल से किया था इंजीनियरिंग डिप्लोमा

पंचकूला (कपिल नागपाल )। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पंचकूला पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में तीन कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार कर नशीले पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क पर कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 682 ग्राम अफीम और 12.32 ग्राम हेरोइन बरामद करने का दावा किया है। एक मामले में आरोपी को अदालत से पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि दूसरे मामले में एक आरोपी को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया और उसके साथी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के मुताबिक, एंटी नारकोटिक्स सेल पंचकूला और क्राइम ब्रांच-3 की टीमों ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए इन मामलों को अंजाम दिया।

यूपी से अफीम लाकर पंचकूला में सप्लाई करने का आरोप

पहले मामले में एंटी नारकोटिक्स सेल पंचकूला ने 30 वर्षीय रणवीर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले का रहने वाला है और वर्तमान में पंचकूला जिले में किराए पर रह रहा था।

पुलिस को कथित तौर पर सूचना मिली थी कि आरोपी उत्तर प्रदेश से अफीम लाकर पंचकूला के कालका, पिंजौर और मढ़ावाला क्षेत्र में इसकी सप्लाई करता है। सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने इंचार्ज सौरव रावत की अगुवाई में कार्रवाई की और आरोपी को काबू कर लिया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से 682 ग्राम अफीम बरामद करने का दावा किया है। बरामदगी के बाद आरोपी के खिलाफ थाना कालका में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 के तहत मामला दर्ज किया गया।

पांच दिन के रिमांड पर आरोपी

पुलिस ने आरोपी रणवीर को अदालत में पेश किया, जहां से उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पुलिस के अनुसार रिमांड के दौरान आरोपी से अफीम की सप्लाई के स्रोत, खरीददारों, नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों और नशीले पदार्थ की सप्लाई के तरीकों को लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी कितने समय से कथित तौर पर नशे की सप्लाई कर रहा था और उत्तर प्रदेश से पंचकूला तक अफीम पहुंचाने में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *