टैगोर थिएटर में 26 सितंबर को बॉलीवुड मेलोडीज का होगा संगीतमय सफर, अभिनेत्री पूनम ढिल्लों समेत कई हस्तियां रहेंगी मौजूद

चंडीगढ़। चंडीगढ़ के टैगोर थिएटर में 26 सितंबर को शाम 4:30 बजे से भारत रत्न एवं महान गायिका लता मंगेशकर की पावन स्मृति को समर्पित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘सुरीला सफर-30 : बॉलीवुड मेलोडीज़ की एक शाम—रहें ना रहें हम, महका करेंगे’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम ‘सर्व जन हिताय, सर्व जन सुखाय’ और ‘नारी शक्ति वंदन’ की भावना को समर्पित होगा।

यह आयोजन बसंत गिरिजा श्री सोसाइटी (रजि.) द्वारा कला एवं संस्कृति विभाग, हरियाणा, बिहार फाउंडेशन पंचकूला और चंडीगढ़ संगीत कला अकादमी के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम हरियाणा के पूर्व गृह सचिव एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एस.एस. प्रसाद के सानिध्य में आयोजित होगा।

कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए हरियाणा की पूर्व सीपीएमजी एवं सेवानिवृत्त आईपीओएस अधिकारी रंजू प्रसाद ने बताया कि ‘सुरीला सफर-30’ के माध्यम से देश की महान गायिका लता मंगेशकर को संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। कार्यक्रम में बॉलीवुड के सदाबहार गीतों की प्रस्तुतियों के माध्यम से संगीत प्रेमियों को एक यादगार शाम देने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस विशेष अवसर पर बॉलीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्री एवं सुपरस्टार पूनम ढिल्लों मुख्य अतिथि के रूप में अपने गृह नगर चंडीगढ़ में मौजूद रहेंगी। इसके साथ ही हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा भी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम में कई विशिष्ट अतिथियों की भी उपस्थिति रहेगी। इनमें सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी डॉ. आर.सी. मिश्रा, पंचकूला भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, गुरुकुल स्कूल की रजनी थरेजा, एलआईसी चंडीगढ़ की सीनियर डिविजनल मैनेजर सोनम छेवांग, पीएनबी के डीजीएम संजीव झा तथा सीएसएनए चंडीगढ़ की चेयरपर्सन सुखी सिंह बराड़ सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल होंगे।

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में ‘नारी शक्ति’ को समर्पित विशेष सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली भारतीय महिला नायिकाओं को सम्मानित कर उनके योगदान को रेखांकित किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि यह सम्मान समारोह महिलाओं के योगदान और सशक्त भूमिका को समाज के सामने प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगा।

बसंत गिरिजा श्री सोसाइटी ने बताया कि कार्यक्रम सभी संगीत प्रेमियों और आम जनता के लिए पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। सोसाइटी ने चंडीगढ़ और ट्राईसिटी के लोगों से अपील की है कि वे इस सुरमयी शाम का हिस्सा बनें और लता मंगेशकर की अमर संगीत विरासत को याद करते हुए ‘नारी शक्ति वंदन’ के इस विशेष आयोजन में अपनी सहभागिता दर्ज कराएं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *