पंचकूला। हरियाणा भाजपा ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लेते हुए पानीपत की वरिष्ठ चिकित्सक और पार्टी की सक्रिय नेता डॉ. अर्चना गुप्ता को नया प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया है। खास बात यह है कि 43 साल बाद किसी महिला को हरियाणा भाजपा की कमान सौंपी गई है। इससे पहले वर्ष 1980 में डॉ. कमला वर्मा हरियाणा भाजपा की पहली महिला प्रदेशाध्यक्ष बनी थीं।

डॉ. अर्चना गुप्ता के नाम की घोषणा के साथ ही प्रदेश की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पिछले कई दिनों से प्रदेशाध्यक्ष पद को लेकर लगातार मंथन चल रहा था। माना जा रहा था कि मौजूदा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली को दोबारा मौका मिल सकता है, लेकिन आखिरकार पार्टी हाईकमान ने महिला चेहरे पर भरोसा जताते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता को जिम्मेदारी सौंप दी।

प्रदेशाध्यक्ष की दौड़ में अंबाला से पूर्व मंत्री असीम गोयल का नाम भी प्रमुखता से चर्चा में था। असीम गोयल को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का करीबी माना जाता है, जबकि डॉ. अर्चना गुप्ता को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और संगठन का करीबी चेहरा माना जाता है। ऐसे में उनकी नियुक्ति को संगठन और नेतृत्व के बीच संतुलन बनाने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है।

डॉ. अर्चना गुप्ता पेशे से गोल्ड मेडलिस्ट रेडियोलॉजिस्ट हैं। उन्होंने एमबीबीएस और एमडी की पढ़ाई की है। राजनीति में सक्रिय होने से पहले वह विश्व हिंदू परिषद की इंडियन हेल्थ लाइन से जुड़ी रहीं और सामाजिक गतिविधियों में भी लगातार सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं।

वहीं, सोनीपत के मोहनलाल बड़ौली को हटाने की चर्चाएं लंबे समय से चल रही थीं। बड़ौली को 9 जुलाई 2024 को भाजपा हरियाणा का प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उस समय वह पार्टी में प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी निभा रहे थे। अब पार्टी ने नए चेहरे के साथ आगामी राजनीतिक रणनीति को आगे बढ़ाने का संकेत दिया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *