पंचकूला/अपनों से बिछड़े लोगों को उनके परिवार से मिलाने के लिए पंचकूला पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देशानुसार पुलिस टीमें लगातार संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य कर रही हैं। इसी कड़ी में पंचकूला पुलिस ने मानसिक रूप से अस्वस्थ 26 वर्षीय युवती को सुरक्षित उसके परिजनों से मिलवाकर परिवार के चेहरे पर फिर से खुशी लौटाई।

मामला 22 सितंबर का है जब बिहार का एक परिवार काम की तलाश में पंजाब के एसएएस नगर जिले में आया था। इसी दौरान परिवार की 26 वर्षीय युवती, जो मानसिक रूप से अस्वस्थ है, भटकते-भटकते पंचकूला के बरवाला क्षेत्र में पहुंच गई। देर रात करीब 11:30 बजे ईआरवी-520 की टीम ने युवती को बरवाला क्षेत्र में पाया। युवती की स्थिति को देखते हुए पुलिस टीम उसे बरवाला चौकी लेकर पहुंची। रात अधिक होने के कारण युवती को महिला पुलिसकर्मी की देखरेख में चंडीमंदिर थाना में सुरक्षित ठहराया गया।

डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह के अनुसार बरवाला चौकी पुलिस ने युवती के परिजनों का पता लगाने के लिए प्रयास शुरू किए। युवती को केवल अंबाला रेलवे स्टेशन की जानकारी याद थी। पुलिस को यह महत्वपूर्ण सुराग मिला कि परिवार उसी दिन अंबाला रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद सड़क मार्ग से एसएएस नगर पहुंचा था। बरवाला चौकी में तैनात एएसआई रवि शेर की अगुवाई में पुलिस टीम, जिसमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं, ने अंबाला रेलवे स्टेशन पहुंचकर स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई और विभिन्न माध्यमों से युवती के परिजनों के संबंध में सुराग तलाशे। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम युवती के परिजनों के नए पते तक पहुंचने में सफल रही और आवश्यक जानकारी की पुष्टि करने के बाद युवती को सुरक्षित उसके परिवार से मिलवा दिया।

पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने बरवाला चौकी तथा ईआरवी-520 की टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जरूरत के समय असहाय और भटके हुए लोगों को उनके अपनों तक सुरक्षित पहुंचाना भी है।

पंचकूला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ, लावारिस या भटका हुआ व्यक्ति दिखाई दे तो उसे नजरअंदाज न करें। तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाकर उसे उसके परिवार तक सुरक्षित पहुंचाया जा सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *