पंचकूला/कालका। कालका क्षेत्र में ढाबे का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले को पंचकूला पुलिस ने सुलझा लिया है। क्राइम ब्रांच-3 पंचकूला की टीम ने कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया है।

मामले के अनुसार, कालका निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 5 जुलाई की रात ढाबा बंद करके घर जाने के बाद अज्ञात चोरों ने ढाबे का ताला तोड़ दिया। चोर ढाबे से करीब दो गैस सिलेंडर समेत अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए थे। शिकायत के आधार पर थाना कालका में 7 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 और 331(4) के तहत मामला दर्ज किया गया।

गुप्त सूचना पर आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की जांच क्राइम ब्रांच-3 को सौंपी गई। डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के निर्देश पर टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में गुप्त सूचना मिली।

इसके बाद क्राइम ब्रांच-3 प्रभारी तजिंदर पाल सिंह की अगुवाई में टीम ने 13 अगस्त को कार्रवाई करते हुए अमित कुमार उर्फ कालिया (19) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से जिला बदायूं, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और फिलहाल लोहगढ़, पिंजौर में रह रहा था।

पूछताछ के बाद चोरी का सामान बरामद

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात को लेकर खुलासा बयान दिया। आरोपी की निशानदेही पर 14 अगस्त को चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब मामले में आरोपी से जुड़े अन्य पहलुओं और वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *