पंचकूला, 28 सितंबर। पंचकूला पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 23 ग्राम हेरोइन बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तरणप्रीत सिंह निवासी जिला फतेहगढ़ साहिब, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के आधार पर कथित तौर पर हेरोइन सप्लाई करने वाले विशाल उर्फ शिवचरण निवासी आदमपुर, जिला फतेहगढ़ साहिब को भी गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
एसीपी क्राइम अमन कुमार के मुताबिक, एंटी नारकोटिक सेल को 24 सितंबर को सूचना मिली थी कि तरणप्रीत सिंह मोटरसाइकिल पर सवार होकर सेक्टर-24 स्थित डंपिंग ग्राउंड के पास हेरोइन की सप्लाई करने पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर इंचार्ज सौरव रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर नाकाबंदी की। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर पहुंचे तरणप्रीत सिंह को काबू कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 23 ग्राम हेरोइन बरामद होने का दावा पुलिस ने किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना चंडीमंदिर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद 25 सितंबर को आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया। पूछताछ के दौरान पुलिस को हेरोइन सप्लाई करने वाले कथित सप्लायर विशाल उर्फ शिवचरण के बारे में जानकारी मिली।
पुलिस के अनुसार, तरणप्रीत सिंह की निशानदेही पर टीम ने 26 सितंबर को विशाल उर्फ शिवचरण को गिरफ्तार कर लिया। मामले में दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य संभावित कनेक्शनों की भी जांच कर रही है।