चंडीगढ़। स्पेशल ओलंपिक में चंडीगढ़ की प्रार्थना ने स्विमिंग इवेंट में सिल्वर मेडल जीता और देश के लिए सम्मान हासिल करने के बाद स्पेशल ओलंपिक भारत चंडीगढ़ चैप्टर की डायरेक्टर नीलू सरीन ने उन्हें सम्मानित किया। प्रार्थना ने बर्लिन में हुए स्विमिंग 4*25 रिले में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता।
प्रैस क्लब में उन्हें इस कामयाबी के लिए सम्मानित किया गया। इस मौके पर चंडीगढ़ चैप्टर की डायरेक्टर नीलू सरीन व ज्वाइंट डायरेक्टर स्पोर्ट्स सुनील राय , डॉ जसबिंदर कौर डायरेक्टर प्रिंसिपल ग्रिड ने प्रार्थना को प्रशस्ति पत्र सौंपा। इस मौके पर कोच शीतल नेगी को भी प्रशस्ति पत्र सौंपा गया। प्रार्थना के माता पिता विशाल भाटिया व अंजू भाटिया भी इस मौके पर मौजूद रहे। अंजु भाटिया ने कहा कि इसके लिए प्रार्थना ने काफी मेहनत की है।
उन्हें उम्मीद ही नहीं थी कि उनका स्पेशल चाइल्ड किसी गेम्स में भी ओलंपिक स्तर पर कोई मेडल ला सकता है। विश्व स्तरीय सुविधाएं देखकर प्रार्थना काफी खुश थी और उसने वादा पूरा करते हुए मेडल भी जीता। उनके साथ कोच राकेश कुमार ने भी काफी मेहनत की है। नीलू सरीन ने सभी उपस्थित खिलाड़ियों के पेरेंट्स , हीरा नेगी पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर, व स्पोर्ट्स हस्तियों का धन्यवाद किया और आगे भी स्पेशल एथलीट्स का हौसला बढ़ाने की गुजारिश की।