पंचकूला, मुकेश चौहान। पंचकूला में 6वीं जिला शास्त्रांग चैंपियनशिप का शनिवार को उत्साह और जोश के साथ शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय यह प्रतियोगिता 22 और 23 अगस्त को शास्त्रांग, एससीओ-193, दूसरी मंजिल, सेक्टर-16 पंचकूला में आयोजित की जा रही है। चैंपियनशिप में पंचकूला के विभिन्न स्कूलों से करीब 100 युवा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

प्रतियोगिता में लड़कों और लड़कियों के लिए अंडर-7, अंडर-10, अंडर-14, अंडर-17, अंडर-19, अंडर-22 और ए-22 आयु वर्ग में मुकाबले करवाए जा रहे हैं। इस दौरान युवा खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

ग्रैंडमास्टर बिक्रम सिंह थापा ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला

चैंपियनशिप के अवसर पर ग्रैंडमास्टर बिक्रम सिंह थापा ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उन्हें खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ-साथ अभिभावकों और सहयोगी स्कूलों को भी आयोजन में उत्साहपूर्वक भागीदारी के लिए बधाई दी।

उन्होंने कहा कि मार्शल आर्ट्स में सफलता के लिए नियमित अभ्यास, आत्मविश्वास, फिटनेस और सकारात्मक सोच बेहद जरूरी है। युवा खिलाड़ी लगातार मेहनत और अनुशासन के साथ अपनी प्रतिभा को निखारकर भविष्य में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।

चैंपियनशिप में टारगेट ड्रिल, डिफेंस ड्रिल, एयर शील्ड कॉम्बैट, कॉम्बैट कॉम्बो और स्पीड कॉम्बैट सहित विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों को अपनी गति, शक्ति, कौशल और रणनीतिक क्षमता दिखाने का बेहतर मंच प्रदान कर रही है।

आयोजकों के अनुसार, इस चैंपियनशिप का उद्देश्य बच्चों में मार्शल आर्ट्स के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ शारीरिक फिटनेस, आत्मविश्वास, एकाग्रता, अनुशासन और खेल भावना को विकसित करना है। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से पंचकूला में शास्त्रांग इंडियन मॉडर्न मार्शल आर्ट की बढ़ती लोकप्रियता भी देखने को मिली।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *