ढकोली । ढकोली पुलिस ने एक बेहद सनसनीखेज और चौंकाने वाले हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने सिर कटी लाश मिलने के मामले को महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, थाना ढकोली में मुकदमा नंबर 140, दिनांक 08-10-2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। मृतक की पहचान विशाल के रूप में हुई है। इस वारदात को अंजाम देने के आरोप में पुलिस ने राहुल पुत्र हरपाल और उसके पिता हरपाल पुत्र छोटे लाल को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जिला संभल के गांव मौथरा के रहने वाले हैं और वर्तमान में एस.ए.एस नगर के पीरमुछल्ला में मकान नंबर 12 में किराए पर रह रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 09-10-2026 को गिरफ्तार किया है।
पुरानी रंजिश बनी हत्या का कारण
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश थी। आरोपी हरपाल के बेटे बबलू की मौत करीब एक महीने पहले हो गई थी। हरपाल और उसके परिवार को शक था कि बबलू की मौत के पीछे विशाल और उसका परिवार है। इसी शक और रंजिश के चलते दोनों पिता-पुत्र ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर 07/08 अक्टूबर की रात को पीरमुछल्ला पार्क के जंगल में विशाल की बेरहमी से हत्या कर दी और उसका सिर धड़ से अलग कर दिया।
हथियार नहीं हुआ बरामद
पुलिस के अनुसार, वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार अभी तक बरामद नहीं हो पाया है। पुलिस आरोपियों को कल माननीय अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड हासिल करने की तैयारी कर रही है, ताकि मामले की गहराई से जांच की जा सके और अन्य संलिप्त आरोपियों का भी पता लगाया जा सके।
ढकोली पुलिस की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई को क्षेत्र में एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर इस अंधे कत्ल को सुलझाकर यह साबित कर दिया है कि अपराधियों के लिए कहीं छिपने की जगह नहीं है।