चंडीगढ़। श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति के रंग में रविवार को चंडीगढ़ का माहौल भक्तिमय नजर आया। श्रद्धालुओं की ओर से लोगों के लिए ‘हनुमान अंश’ फिल्म की नि:शुल्क स्क्रीनिंग का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में दर्शक फिल्म देखने पहुंचे। दर्शकों की भारी भीड़ के चलते सिनेमा हॉल पूरी तरह हाउसफुल रहा।फिल्म शुरू होने से पहले ही दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। हॉल में ‘जय श्री राम’ और ‘जय बजरंगबली’ के जयघोष गूंजते रहे। भगवान हनुमान से जुड़ी कहानी और उनके आदर्शों को बड़े पर्दे पर देखकर दर्शक भावुक भी नजर आए और भक्ति में डूबे हुए भी दिखाई दिए। फिल्म के माध्यम से भक्ति, साहस, सेवा, समर्पण और सकारात्मक सोच का संदेश दर्शकों तक पहुंचा। खास तौर पर युवाओं के बीच फिल्म को लेकर उत्साह देखने को मिला।
आयोजकों ने कहा कि आज के दौर में नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, संस्कार और सनातन मूल्यों से जोड़ना बेहद जरूरी है। धार्मिक और प्रेरणादायक फिल्मों के माध्यम से हमारी संस्कृति की सकारात्मक कहानियां समाज तक आसानी से पहुंच सकती हैं।
फ्री स्क्रीनिंग का उद्देश्य केवल लोगों को फिल्म दिखाना नहीं था, बल्कि भगवान हनुमान के आदर्शों और उनके जीवन से मिलने वाली प्रेरणा को जन-जन तक पहुंचाना भी रहा।
चंडीगढ़ में हुई इस नि:शुल्क स्क्रीनिंग ने एक बार फिर दिखा दिया कि सनातन संस्कृति, आस्था और भगवान हनुमान से जुड़ी प्रेरणादायक कहानियों के प्रति लोगों का जुड़ाव आज भी बेहद मजबूत है। हाउसफुल हॉल और दर्शकों का उत्साह इस आयोजन की सफलता की कहानी खुद बयां करता नजर आया।