4-5 दिन पुराना बताया जा रहा शव, फोरेंसिक टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य; पुलिस जांच में जुटी

पंचकूला, कपिल नागपाल । पंचकूला के सेक्टर-21 स्थित घग्गर नदी के छठ पूजा घाट के पास शुक्रवार को एक नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने नदी के पानी में नवजात का शव बहते हुए देखा, जिसके बाद तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही सेक्टर-25 पुलिस चौकी प्रभारी रामू स्वामी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। फोरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल की जांच की।

चार से पांच दिन पुराना है शव

पुलिस चौकी प्रभारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में नवजात शिशु का शव करीब चार से पांच दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को जांच के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है, ताकि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके।

शव नदी में कहां से आया, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नवजात शिशु का शव घग्गर नदी में कहां से आया और इसे नदी में किसने छोड़ा। पुलिस आसपास के क्षेत्रों से भी जानकारी जुटा रही है और संभावित सुरागों की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास की परिस्थितियों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही नवजात की मौत और शव नदी में पहुंचने की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *