पंचकूला। पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से पंचकूला पुलिस द्वारा समय-समय पर विभिन्न थानों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने पिंजौर, कालका और एमडीसी थाना का औपचारिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थानों की कार्यप्रणाली, रिकॉर्ड, सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न शाखाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने थानों में रखे विभिन्न रजिस्टरों, दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच की तथा उनके रखरखाव की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने लंबित शिकायतों एवं मामलों की भी विस्तार से समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक शिकायत और मामले का निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से निर्धारित समय सीमा के भीतर निपटारा किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित न्याय और बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

हथियारों से लेकर हवालात और मालखाने तक जांच

डीसीपी अदिति सिंह ने थानों में रखे सरकारी हथियारों का निरीक्षण करते हुए उनके रखरखाव, सुरक्षा और संबंधित रिकॉर्ड का मिलान किया। इसके अलावा हवालात का निरीक्षण कर वहां सुरक्षा प्रबंधों, आवश्यक सुविधाओं और निर्धारित मानकों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई। उन्होंने मालखाने का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को रिकॉर्ड और जब्त सामान के रखरखाव को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

थाना परिसरों में लंबे समय से खड़े लावारिस और जब्त वाहनों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। डीसीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ऐसे वाहनों के मामलों का जल्द निपटारा सुनिश्चित किया जाए, ताकि थाना परिसरों में अनावश्यक रूप से जगह घिरी न रहे।

साफ-सफाई और शिकायतकर्ताओं से व्यवहार पर भी जोर

निरीक्षण के दौरान थाना परिसरों में साफ-सफाई और अनुशासन का भी जायजा लिया गया। डीसीपी ने पुलिस कर्मचारियों को निर्देश दिए कि थाना परिसर हमेशा स्वच्छ, व्यवस्थित और नागरिक-अनुकूल बना रहना चाहिए। साथ ही प्रत्येक शिकायतकर्ता के साथ शालीन, संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए।

डीसीपी ने थानों में तैनात पुलिस कर्मचारियों से संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली और आवश्यक विषयों की जानकारी भी ली। उन्होंने कर्मचारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जनता की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने तथा पेशेवर कार्यशैली अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों से अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *