पंचकूला।  आगामी प्रथम गुरु रविदास ट्रॉफी नॉर्थ ज़ोन गर्ल्स कैश प्राइज वॉलीबॉल टूर्नामेंट को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में बीएसएफ गर्ल्स पुलिस, दिल्ली की वॉलीबॉल टीम आज पंचकूला पहुंची। टीम ने पंचकूला कोचिंग सेंटर की गर्ल्स टीम के साथ अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया और आगामी टूर्नामेंट के लिए जमकर पसीना बहाया।

अभ्यास के दौरान दिल्ली की टीम की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट में बेहतर खेल दिखाने का संकल्प लिया। टीम की ओर से कहा गया कि वे पूरी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेंगी और टूर्नामेंट जीतने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगी।

वहीं, पंचकूला कोचिंग सेंटर की गर्ल्स टीम भी आगामी बड़े वॉलीबॉल टूर्नामेंट की तैयारियों में जुटी हुई है। पंचकूला जिले की वॉलीबॉल कोच करुणा चौहान के मार्गदर्शन में खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर अपनी फिटनेस, तकनीक और टीमवर्क को मजबूत कर रही हैं।

प्रथम गुरु रविदास ट्रॉफी नॉर्थ ज़ोन गर्ल्स वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आयोजन 18 अगस्त को टीडीएल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, वॉलीबॉल कोर्ट, पंचकूला में हरियाणा स्पोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन (पंजीकृत) द्वारा किया जाएगा।

हरियाणा स्पोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन (पंजीकृत) के महासचिव अमरजीत कुमार ने बताया कि पंचकूला, हरियाणा में पहली बार उत्तर भारत की सात शीर्ष गर्ल्स वॉलीबॉल टीमों के बीच इस बड़े टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और खेल कौशल दिखाने का शानदार अवसर मिलेगा तथा इससे महिला वॉलीबॉल को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *