जीरकपुर (Idam Today News)। सिटी एन्क्लेव, वार्ड नंबर 30 में पेयजल व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह करीब 10 बजे से सीवेज का गंदा पानी पानी की सप्लाई में मिलकर घरों तक पहुंच रहा है। दूषित पानी की वजह से लोगों के सामने साफ और सुरक्षित पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या की जानकारी कई बार संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अभी तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया। आरोप है कि अधिकारी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण और फोटो खिंचवाने तक सीमित रह जाते हैं, जबकि समस्या जस की तस बनी रहती है।
इस पूरे मामले को लेकर नवतेज नवी ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि लोगों को साफ पानी उपलब्ध करवाना प्रशासन की जिम्मेदारी है और ऐसी गंभीर समस्या को नजरअंदाज करना लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सीवेज और पेयजल लाइन की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि दूषित पानी लोगों के घरों तक न पहुंचे।
नवतेज नवी ने कहा कि जनता की समस्याएं सिर्फ मौके पर फोटो खिंचवाने से नहीं, बल्कि ईमानदारी से काम करने और समस्या का स्थायी समाधान करने से दूर होंगी।