कांग्रेस ने दिया भरोसा- कर्मचारियों की आवाज हर उचित मंच पर मजबूती से उठाएंगे
पंचकूला। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सेक्टर-14 में धरना दे रहे सफाई कर्मचारियों के समर्थन में मंगलवार को कांग्रेस पार्टी पहुंची। अम्बाला लोकसभा सांसद वरुण चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरना स्थल पर पहुंचकर कर्मचारियों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।
सांसद वरुण चौधरी ने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। वे कठिन परिस्थितियों में काम करके शहर को साफ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनकी जायज मांगों को नजरअंदाज करना उचित नहीं है। सरकार और प्रशासन को संवेदनशीलता दिखाते हुए कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द समाधान करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सफाई कर्मचारियों के अधिकारों और जायज मांगों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है। कर्मचारियों की समस्याओं को उचित मंच पर मजबूती से उठाया जाएगा और प्रशासन से भी जल्द बातचीत कर समाधान निकालने की मांग की जाएगी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने वाले कर्मचारियों के हितों, सम्मान और अधिकारों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि कर्मचारियों के प्रतिनिधियों को बातचीत के लिए बुलाकर उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाए।
इस मौके पर कांग्रेस के विधायक, पूर्व विधायक, वरिष्ठ नेता, जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारी, फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कर्मचारियों के समर्थन में एकजुटता जताते हुए उनके संघर्ष में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।