डेराबस्सी! पंजाब सरकार द्वारा राज्यभर में 3100 खेल मैदान विकसित करने की मुहिम के तहत दूसरे चरण में मुख्यमंत्री पंजाब स. भगवंत सिंह मान द्वारा 500 से अधिक नए खेल मैदान लोगों को समर्पित किए गए। इसी कड़ी के तहत आज डेराबस्सी से विधायक स. कुलजीत सिंह रंधावा द्वारा गांव जवाहरपुर में ₹45.50 लाख की लागत से तैयार आधुनिक मुख्यमंत्री खेल स्टेडियम का उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर विधायक स. कुलजीत सिंह रंधावा ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा युवाओं को खेलों से जोड़ने, उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने और गांव स्तर पर खेल प्रतिभाओं को उभारने के लिए खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। गांवों में आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होने से युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे।

विधायक रंधावा ने बताया कि डेराबस्सी विधानसभा क्षेत्र में कुल 29 खेल मैदानों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इनमें से गांव भागसी और बड़ाना के दो खेल मैदान पहले ही लोगों को समर्पित किए जा चुके हैं, जबकि आज जवाहरपुर में तीसरे खेल मैदान का उद्घाटन किया गया है। उन्होंने कहा कि चार अन्य खेल मैदान भी आने वाले दिनों में लोगों को समर्पित किए जाएंगे।

जवाहरपुर में तैयार किए गए आधुनिक खेल स्टेडियम में वॉलीबॉल, क्रिकेट, बास्केटबॉल और फुटबॉल सहित विभिन्न खेलों के लिए सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। इससे गांव के युवाओं को अलग-अलग खेलों की तैयारी और अभ्यास के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

स्टेडियम में चेन-लिंक फेंसिंग के लिए ₹15.70 लाख, बाथरूम के लिए ₹9.50 लाख, गेट के लिए ₹50 हजार, हाइड्रेंट के लिए ₹2 लाख, बोर के लिए ₹2.70 लाख, 49 बोलार्ड लाइटों के लिए ₹2.50 लाख और हाई-मास्ट लाइटों के लिए ₹7.10 लाख खर्चे का अनुमान है। इस प्रकार प्रोजेक्ट की कुल अनुमानित लागत ₹45.50 लाख है।

विधायक ने कहा कि खेल मैदान केवल खेलों के लिए जगह नहीं हैं, बल्कि युवाओं को नशे और अन्य बुरी आदतों से दूर रखकर स्वस्थ एवं तंदुरुस्त जीवनशैली की ओर प्रेरित करने का महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य गांव स्तर तक खेल सुविधाएं पहुंचाकर पंजाब को फिर से खेलों के क्षेत्र में अग्रणी बनाना है।

इस अवसर पर सरपंच श्री गुरप्रीत सिंह, पंचायत सदस्य, यूथ कोऑर्डिनेटर गगनदीप सिंह, गांववासी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *