पंचकूला,इदम टुडे न्यूज़। पंचकूला पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऐसे गिरोह का खुलासा किया है, जो स्पोर्ट्स सामान की आड़ में चंडीगढ़ से पश्चिम बंगाल और असम तक अवैध शराब पहुंचाने की तैयारी में था। एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली तो उसमें छिपाकर रखी गई 268 पेटी चंडीगढ़ मार्का शराब बरामद हुई। बरामद शराब की बाजार कीमत करीब 13.5 लाख रुपये बताई जा रही है।

मामले में उस समय बड़ा ड्रामा हो गया, जब पुलिस की निगरानी में चल रहे ट्रक के चालक ने अचानक वाहन को तेज रफ्तार से भगाने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, चालक ने अपने साथ बैठे पुलिसकर्मी को धक्का दिया और कुछ दूरी पर चलते ट्रक से छलांग लगा दी। चालक के कूदते ही ट्रक बेकाबू होकर एक इमारत की ओर बढ़ने लगा। हालात को भांपते हुए पुलिसकर्मी ने तुरंत ड्राइवर की सीट संभाली और बड़ी मुश्किल से ट्रक को नियंत्रित कर सुरक्षित साइड में रोक दिया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।

पंचकूला पुलिस के मुताबिक, एंटी नारकोटिक सेल के इंचार्ज सौरव रावत को 26 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे सूचना मिली थी कि एक ट्रक में भारी मात्रा में अवैध शराब छिपाकर ले जाई जा रही है। सूचना मिलने के बाद टीम ने घग्घर पार कर कमांडो कॉम्प्लेक्स की ओर जाने वाले कट के पास नाकाबंदी कर दी।

कुछ देर बाद संदिग्ध ट्रक मौके पर पहुंचा। पुलिस ने उसे रोककर चालक से पूछताछ की। चालक ने अपना नाम शहजाद आलम निवासी अमरोहा, उत्तर प्रदेश बताया। पुलिस ने ट्रक को साइड में लगाने के लिए कहा और निगरानी के लिए एक पुलिसकर्मी को चालक के साथ बैठा दिया।

पुलिस के अनुसार, इसी दौरान चालक ने अचानक ट्रक को तेज रफ्तार से गुरुद्वारे के पीछे जाने वाली सड़क की तरफ दौड़ा दिया। पुलिसकर्मी द्वारा वाहन रोकने के लिए कहे जाने पर चालक ने कथित तौर पर उसे धक्का दिया और चलते ट्रक से छलांग लगा दी। चालक के कूदते ही वाहन अनियंत्रित होकर बिल्डिंग की ओर बढ़ने लगा। पुलिसकर्मी ने तत्काल स्टेयरिंग संभालकर ट्रक को नियंत्रित किया और उसे सुरक्षित स्थान पर रोक दिया।

इसके बाद पुलिस टीम ने चालक का पीछा कर उसे काबू कर लिया। ट्रक से छलांग लगाने के कारण उसके सिर में चोट आई थी। पुलिस ने उसे तत्काल सेक्टर-6 पंचकूला के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सेक्टर-32 चंडीगढ़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसका उपचार चल रहा है।

स्पोर्ट्स सामान के नीचे छिपाई गई थी शराब

ट्रक की तलाशी लेने पर पुलिस को बड़ी मात्रा में अवैध शराब मिली। पुलिस के अनुसार, शराब को ट्रक में आगे से पीछे तक स्पोर्ट्स सामान के बीच इस तरह छिपाया गया था कि सामान्य जांच में इसका पता न चल सके।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक में पहले जालंधर से स्पोर्ट्स सामान लोड किया गया था। इसके बाद चंडीगढ़ से अवैध शराब भरी गई। पुलिस को शक है कि तस्करों ने स्पोर्ट्स सामान को शराब की तस्करी के लिए कवर के तौर पर इस्तेमाल किया।

पुलिस के अनुसार, शराब और स्पोर्ट्स सामान को आगे सिलीगुड़ी, पश्चिम बंगाल और बारपेटा, असम तक पहुंचाया जाना था। इतनी बड़ी मात्रा में शराब की बरामदगी के बाद पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है।

मामले में थाना चंडीमंदिर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 221, 132, 109 और आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच सब इंस्पेक्टर निर्मल सिंह द्वारा की जा रही है।

पूरे नेटवर्क तक पहुंचने में जुटी पुलिस

पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि शराब चंडीगढ़ में कहां से लोड की गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल और असम तक इतनी बड़ी खेप पहुंचाने की योजना में जुड़े सभी लोगों की पहचान की जाएगी।

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार, मामले की जांच में तस्करी के नेटवर्क और शराब की सप्लाई से जुड़े अन्य आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *