चंडीगढ़ / प्रिया , हल्लोमाजरा में एक सरकारी फंक्शन में चीफ गेस्ट बन कर गई सांसद किरण खेर द्वारा वोट न देने पर छित्तर मारने वाली टिप्पणी का चंडीगढ़ में विरोध शुरू हो गया है। हल्लोमाजरा दीप कॉम्प्लेक्स के लोगों ने आज खेर के इस व्यवहार की कड़ी निंदा की और उन्हें माफी मांगने को कहा।
एक बुजुर्ग ने आगे आकर कहा कि देश में इतने मंत्री, सांसद आए मगर किसी ने कभी ऐसी भाषा का प्रयोग नहीं किया। इस प्रदर्शन के दौरान किरण खेर मुर्दाबाद के नारे भी लगाए गए।
खेर ने राम दरबार में एक कम्युनिटी सेंटर का उद्घाटन अवसर पर मंच से कहा था कि, ‘दीप कॉम्प्लेक्स चंडीगढ़ में एक भी बंदा मेरे को वोट न दे तो लानत है। जाकर छित्तर फेरने चाहिए उनको।’
चंडीगढ़ युवा कांग्रेस के अध्यक्ष धीरज गुप्ता और वार्ड नंबर 15 के लोगों ने आज खेर का विरोध किया। सांसद किरण खेर को शर्म करने और माफी मांगने के लिए कहा जा रहा है। वहीं दूसरी ओर आज आम आदमी पार्टी के पार्षद, नेता व कार्यकर्ताओं का किरण खेर का पुतला जलाने का कार्यक्रम है। चंडीगढ़ यूथ कांग्रेस के प्रधान मनोज लुबाना ने कहा कि यूथ कांग्रेस खेर के खिलाफ कांग्रेस भवन से खेर के आवास तक शांतिमय रोष निकालेगी।