चंडीगढ़ (अमर शर्मा)  दिसंबर को होने वाले नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी की ओर से जारी सूची में 23 प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारा गया है। पहली सूची में सामान्य वर्ग का दबदबा देखने को मिला है। भाजपा ने 20 अनारक्षित वार्डों में सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को टिकट दिया है, जबकि अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित तीन वार्डों में एससी श्रेणी के प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारा है।

जारी सूची के अनुसार, वार्ड नंबर-1 और वार्ड नंबर-4 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। इन दोनों वार्डों से भाजपा ने गुरविंदर सिंह और रविंदर लोहट को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, वार्ड नंबर-29 एससी महिला के लिए आरक्षित है, जहां से प्रिया वोहरोत्रा को टिकट दिया गया है। इस तरह पार्टी ने तीनों एससी आरक्षित वार्डों में संबंधित श्रेणी के उम्मीदवारों को मौका दिया है।

छह सामान्य महिला आरक्षित वार्डों में महिलाओं पर भरोसा

भाजपा की पहली सूची में महिलाओं को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है। सामान्य वर्ग की महिला आरक्षित सीटों पर पार्टी ने छह महिला प्रत्याशियों को टिकट दिया है। इनमें वार्ड नंबर-8 से किरण सिंह, वार्ड नंबर-11 से सुमिता कोहली, वार्ड नंबर-12 से सुखजीवन कौर, वार्ड नंबर-17 से एडवोकेट मीनाक्षी सिंह, वार्ड नंबर-21 से सुनीता कौर और वार्ड नंबर-26 से रेखा सूद शामिल हैं।

35 वार्डों में होना है चुनाव

नगर निगम के कुल 35 वार्डों के लिए 23 दिसंबर को मतदान होना है। भाजपा की पहली सूची में 23 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं। सूची में सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों की संख्या अधिक होने के साथ-साथ आरक्षित सीटों पर भी उम्मीदवारों का ऐलान किया गया है। अब राजनीतिक नजरें पार्टी की अगली सूची पर टिकी हैं, जिसमें शेष वार्डों के प्रत्याशियों को लेकर तस्वीर साफ होगी।

By admin