पंचकूला। जिले में अवैध शराब की बिक्री और दूसरे राज्यों में इसकी सप्लाई करने वालों के खिलाफ पंचकूला पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए पांच अलग-अलग मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच-1 और क्राइम ब्रांच-3 की टीमों ने गुप्त सूचनाओं के आधार पर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर चंडीगढ़ और हरियाणा मार्का की अवैध शराब के साथ अंग्रेजी शराब भी बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई में शराब तस्करी के अलग-अलग तरीके सामने आए हैं।
पुलिस जांच के दौरान पता चला कि आरोपी शराब बेचने और सप्लाई करने के लिए तरह-तरह के तरीके अपना रहे थे। कोई सुनसान जगह पर झाड़ियों के पीछे शराब छिपाकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा था तो कोई प्लास्टिक के कट्टे में शराब भरकर बिक्री की तैयारी में था। एक अन्य मामले में टैक्सी की छत पर रखे सूटकेस में अंग्रेजी शराब छिपाकर चंडीगढ़ से देहरादून (उत्तराखंड) ले जाने की तैयारी की जा रही थी।
झाड़ियों से टैक्सी की छत तक बना रखा था शराब छिपाने का ठिकाना
पुलिस की अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 112 पव्वे और 204 बोतलें अवैध शराब बरामद की हैं। तस्करी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे तरीकों ने पुलिस को भी चौंकाया। आरोपी शराब को खुले तौर पर ले जाने के बजाय अलग-अलग जगहों और सामान के भीतर छिपाकर रखने का तरीका अपना रहे थे, ताकि पुलिस की नजर से बच सकें।
पांचों मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज
पुलिस ने सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में हरियाणा संशोधित आबकारी अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए हैं। बरामद शराब को कब्जे में लेकर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अवैध शराब की बिक्री और दूसरे राज्यों में इसकी सप्लाई करने वाले नेटवर्क पर नजर बनाए हुए है।