अमित शाह बोले– विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे, सरकार बनने पर अकाली दल का नेता होगा मुख्यमंत्री; सीटों के बंटवारे पर अभी फैसला नहीं

चंडीगढ़। पंजाब की राजनीति में करीब छह साल बाद एक बार फिर भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने हाथ मिला लिया है। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन की औपचारिक घोषणा की। दोनों दल आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे। अमित शाह ने स्पष्ट किया कि गठबंधन में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा और चुनाव में जीत मिलने पर मुख्यमंत्री भी अकाली दल का ही नेता बनेगा। हालांकि, दोनों पार्टियों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर अभी कोई अंतिम सहमति नहीं बनी है।

भाजपा और अकाली दल का यह राजनीतिक साथ करीब 24 वर्षों तक कायम रहा था। दोनों पार्टियां 1997, 2007 और 2012 में गठबंधन सरकार बना चुकी हैं। सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के कृषि कानूनों को लेकर अकाली दल ने एनडीए से नाता तोड़ लिया था। इसके बाद 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में अकाली दल को 117 में से महज तीन सीटें मिली थीं, जबकि भाजपा केवल दो सीटों पर जीत दर्ज कर सकी थी। अब दोनों दलों ने एक बार फिर पुराने राजनीतिक रिश्ते को बहाल करने का फैसला किया है।

सुखबीर बादल बोले– भाजपा के साथ रिश्ता नाखून-मांस जैसा

अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन को केवल राजनीतिक समझौता मानने के बजाय भावनात्मक रिश्ता बताया। उन्होंने कहा कि उनके पिता और पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल हमेशा भाजपा के साथ संबंधों को नाखून और मांस जैसा बताते थे। उनके अनुसार, जब तक दोनों दल साथ रहे, पंजाब में शांति और विकास का माहौल बना रहा।

सुखबीर बादल ने कहा कि यह रिश्ता उनके पिता प्रकाश सिंह बादल और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी तथा वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी के समय में बना था। यह दोनों दलों के बीच पारिवारिक संबंधों जैसा है। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में पंजाब को बचाने और राज्य के हितों की रक्षा करने की जरूरत है। अकाली दल देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टियों में से एक है और देश की आजादी से पहले तथा बाद में भी पार्टी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

किसानों, बंदी सिखों और करतारपुर कॉरिडोर पर हुई चर्चा

गठबंधन की घोषणा के दौरान अकाली दल की ओर से तीन प्रमुख मुद्दे उठाए गए। इनमें किसानों की समस्याएं, बंदी सिखों की रिहाई और करतारपुर कॉरिडोर को दोबारा खोलने का विषय शामिल रहा।

किसानों के मुद्दे पर अमित शाह ने कहा कि सुखबीर बादल के साथ पिछले तीन महीनों से इस विषय पर विस्तार से बातचीत चल रही थी। किसानों की समस्याओं को एक-एक करके समझा गया है और अगले तीन महीनों में इनका समाधान निकालने का भरोसा दिया गया है।

बंदी सिखों की रिहाई के सवाल पर शाह ने कहा कि इस विषय पर दोनों दलों के अपने-अपने विचार हैं। इस पर बैठकर विस्तार से चर्चा की जाएगी और सहमति से कोई रास्ता निकालने का प्रयास होगा।

करतारपुर कॉरिडोर के मुद्दे पर गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने कॉरिडोर का निर्माण करवाया था और सरकार इसे दोबारा खोलना चाहती है। लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फिलहाल इसे बंद रखा गया है। परिस्थितियां सामान्य होने पर इसे फिर से खोलने का फैसला लिया जाएगा।

8 दिसंबर को मोगा में होगी रैली, प्रधानमंत्री मोदी भी होंगे शामिल

सुखबीर बादल ने घोषणा की कि उनके पिता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की जयंती के अवसर पर 8 दिसंबर को मोगा में एक बड़ी रैली आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रकाश सिंह बादल ने हमेशा सभी धर्मों का सम्मान किया और पंजाब में आपसी भाईचारे को मजबूत करने के लिए काम किया। इस रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे।

नितिन नवीन बोले– एनडीए की ताकत बढ़ेगी

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी गठबंधन का स्वागत करते हुए इसे पंजाब और देश के हित में लिया गया फैसला बताया। उन्होंने कहा कि अकाली दल के एनडीए में शामिल होने से गठबंधन की ताकत बढ़ेगी। भाजपा और अकाली दल का साथ स्वाभाविक राजनीतिक संबंधों पर आधारित है। उन्होंने इस गठबंधन को हिंदू-सिख एकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि दोनों दल मिलकर पंजाब के विकास और राज्य के हितों के लिए काम करेंगे।

By admin