पीरमूछल्ला एंट्री पॉइंट पर अवैध रेहड़ियों, खुले में शराबखोरी और ट्रैफिक जाम से लोग परेशान; जजपा जिला अध्यक्ष ओपी सिहाग ने HSVP अधिकारियों से की तत्काल कार्रवाई की मांग

पंचकूला। पंचकूला के सेक्टर-20 और 21 की डिवाइडिंग रोड से पीरमूछल्ला, घग्घर पार के सेक्टरों तथा बरवाला और यमुनानगर की ओर जाने वाली सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है। करीब दो साल पहले हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) की ओर से निर्मित इस सड़क, ओवरब्रिज और चौक के आसपास उचित रखरखाव नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, पीरमूछल्ला एंट्री पॉइंट पर खुले में चिकन, मीट और मछली बेचने वाली रेहड़ियों तथा सड़क किनारे खुले में शराब पीने की गतिविधियों से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होने के आरोप लगाए गए हैं।

जननायक जनता पार्टी (जजपा) के जिला अध्यक्ष ओपी सिहाग ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं डॉ. किरण पूनिया, राजेश निषाद, युवा जिला अध्यक्ष दीपक चौधरी, भीम सिंह पंवार और रणधीर पंवार के साथ मौके का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि घग्घर नदी पर बने ओवरब्रिज और चार लेन की सड़क से रोजाना हजारों लोग आवाजाही करते हैं। यह मार्ग पंचकूला के घग्घर पार के सेक्टरों को जोड़ने के साथ-साथ चंडीगढ़, मोहाली, पटियाला और आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले लोगों के लिए भी काफी सुविधाजनक साबित हुआ है।

सिहाग ने कहा कि जिस चौक और सड़क को सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से विकसित किया गया था, उसकी मौजूदा स्थिति चिंताजनक है। सड़क के दोनों ओर बने बर्मों पर कांग्रेस घास और अन्य खरपतवार उग आए हैं। साफ-सफाई तथा नियमित रखरखाव की कमी के कारण चौक की सुंदरता प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के एंट्री पॉइंट पर शाम के समय कुछ रेहड़ी-फड़ी वालों द्वारा खुले में चिकन, मीट और मछली बेचने तथा सड़क किनारे लोगों के शराब पीने से भी अव्यवस्था पैदा होती है। अधिक भीड़ के कारण कई बार यातायात बाधित होने की स्थिति बन जाती है।

पांच साल तक रखरखाव की जिम्मेदारी का दावा

जजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि विभागीय जानकारी के अनुसार सड़क, चौक और पुल के निर्माण के बाद पांच साल तक इनके रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित निर्माण एजेंसी की थी। ऐसे में HSVP अधिकारियों को एजेंसी से निर्धारित शर्तों के अनुसार काम करवाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों की लापरवाही और उदासीनता के कारण नए विकसित किए गए चौक एवं सड़क की हालत खराब होती जा रही है।

सिहाग और उनके साथ मौजूद जजपा नेताओं ने HSVP पंचकूला के प्रशासक तथा संबंधित अभियंताओं से मांग की कि सड़क के बर्मों की सफाई, खरपतवार हटाने, चौक का रखरखाव और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं। साथ ही, एंट्री पॉइंट पर अव्यवस्था पैदा करने वाली गतिविधियों पर भी संबंधित विभागों के माध्यम से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा मिल सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *