पंचकूला! पंचकूला जिला में चोरी की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाने और पुराने अनसुलझे मामलों को सुलझाने के लिए पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देशानुसार टीमों द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच-2 की टीम ने सेक्टर-12ए स्थित एक कोठी में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आरिष खान उर्फ मनीष उम्र 19 वर्ष, निवासी बदायूं उत्तर प्रदेश, हाल बलटाना तथा राकेश उर्फ लम्बू उम्र 20 वर्ष, निवासी संभल उत्तर प्रदेश, हाल बलटाना के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार 21 जुलाई 2026 को पंचकूला में सेक्टर-12ए स्थित घर में रात के समय चोरी होने की सूचना प्राप्त हुई थी। आरोपियों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तथा अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे गहने, कैश व अन्य सामान चोरी किया था। इस संबंध में थाना सेक्टर-14 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

क्राइम ब्रांच-2 की टीम ने इन्चार्ज प्रवीण मलिक की अगुवाई में 23 अगस्त 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को सेक्टर-24 पंचकूला के पास एक्टिवा सहित काबू किया। वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी चोरी की बताई गई है, जो कि पुलिस को कुछ दिन पहले लावारिश हालात में मिली थी। यह बाइक चंडीमंदिर थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी।

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक के अनुसार दोनों आरोपियों को आज कोर्ट में पेश कर 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान दोनों आरोपियों से चोरी किए गए जेवरात एवं अन्य सामान की बरामदगी, वारदात में शामिल अन्य आरोपी की गिरफ्तारी तथा पंचकूला व आसपास के क्षेत्रों में इनके द्वारा की गई अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ की जाएगी। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी राकेश उर्फ लम्बू के खिलाफ पहले से घरों में चोरी के 5 मामले दर्ज हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *