पंचकूला। पंचकूला जिले में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के साथ-साथ आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने वाहन जांच अभियान तेज कर दिया है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देश पर यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत सोमवार को एमडीसी क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिस ने नंबर प्लेट पर ब्लैक टेप लगाकर उसे छिपाने वाली दो बाइकों को पकड़कर बड़ी कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार दोनों बाइक चालकों ने नंबर प्लेट को ब्लैक टेप के माध्यम से इस तरह ढका हुआ था कि वाहन का नंबर स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रहा था। जांच के दौरान नंबर प्लेट छिपाने के अलावा दोनों वाहनों पर यातायात नियमों से जुड़े अन्य उल्लंघन भी पाए गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों बाइकों के कुल 36 हजार रुपये के चालान किए।

जानकारी के मुताबिक एक बाइक का 19 हजार रुपये तथा दूसरी बाइक का 17 हजार रुपये का चालान किया गया। कार्रवाई के बाद दोनों बाइकों को इंपाउंड कर थाना परिसर में खड़ा करवाया गया है। ट्रैफिक पुलिस की इस कार्रवाई के बाद नंबर प्लेट को जानबूझकर छिपाकर वाहन चलाने वाले लोगों में हड़कंप मच गया।

नंबर प्लेट छिपाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने बताया कि जिला पंचकूला में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की टीमें अलग-अलग स्थानों पर नियमित रूप से वाहनों की जांच कर रही हैं। इस दौरान बिना नंबर प्लेट चलने वाले वाहनों तथा निर्धारित नियमों के विपरीत नंबर प्लेट लगाने या उसे किसी माध्यम से छिपाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि वाहन की नंबर प्लेट उसकी पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा होती है। इसे टेप, मिट्टी या किसी अन्य तरीके से ढकना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे वाहन की पहचान करने में भी परेशानी होती है। ऐसे मामलों में पुलिस किसी प्रकार की लापरवाही बरतने के मूड में नहीं है।

आपराधिक गतिविधियों पर भी रहेगी नजर

पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि बिना नंबर प्लेट अथवा नंबर प्लेट को ढककर वाहन चलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ऐसे वाहनों की लगातार निगरानी कर रही है। उन्होंने कहा कि कई बार आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोग अपनी पहचान छिपाने के उद्देश्य से वाहनों की नंबर प्लेट को ढकने या बदलने का प्रयास करते हैं। ऐसे में नंबर प्लेट स्पष्ट रखना कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की दृष्टि से भी बेहद जरूरी है।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले में संदिग्ध वाहनों की जांच के साथ-साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई की जाए।

युवा वर्ग से नियमों का पालन करने की अपील

पुलिस कमिश्नर ने आमजन, विशेषकर युवा वर्ग से अपील की कि वे अपने वाहनों पर निर्धारित मानकों के अनुसार स्पष्ट और वैध नंबर प्लेट लगाएं। नंबर प्लेट को टेप, मिट्टी, कपड़े या किसी अन्य माध्यम से ढकने का प्रयास न करें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक वाहन चालक की जिम्मेदारी है और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

ट्रैफिक पुलिस द्वारा एमडीसी में की गई इस कार्रवाई को यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगाम लगाने और वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *