पंचकूला। जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ पंचकूला पुलिस ने एक और करारा प्रहार किया है। पिंजौर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पिंजौर की सेब मंडी में दबिश देकर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे चार आरोपियों को रंगेहाथ दबोच लिया। पुलिस ने मौके से ताश के पत्ते और ₹5,170 नकद बरामद किए हैं।
डीसीपी अदिति सिंह के मुताबिक, 21 अक्टूबर को पिंजौर थाना टीम को भनक लगी कि सेब मंडी में कुछ लोग ताश के पत्तों पर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने फौरन मौके पर छापेमारी की और चारों आरोपियों को जुआ खेलते हुए काबू कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान आकाश उर्फ चूम्मू, सूरज तिवारी उर्फ पंडित, मनीष कुमार और संजय के रूप में हुई। चारों राजीव कॉलोनी, सेक्टर-17, पंचकूला के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ताश के पत्ते और ₹5,170 नकद बरामद कर लिए हैं। पिंजौर थाना में चारों के खिलाफ हरियाणा सार्वजनिक जुआ निवारण अधिनियम, 2025 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने साफ कर दिया कि पंचकूला जिले में जुआ, सट्टेबाजी या किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे लोगों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और कानून के तहत सख्त कार्रवाई होगी।
उन्होंने आमजन से अपील की कि अगर कहीं जुआ या सट्टेबाजी चलने की भनक मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर ऐसी गतिविधियों पर लगाम लगाई जा सके।